होली एंजेल पब्लिक स्कूल में पैरेंटिंग वर्कशॉप आयोजित

मुख्य अतिथि पवन अग्रवाल ने दिए प्रभावी अभिभावकत्व के सूत्र

काशीपुर। नगर के ग्राम खरमासा स्थित होली एंजेल पब्लिक स्कूल में एक प्रेरणादायी पैरेंटिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नैनी पेपर मिल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर पवन अग्रवाल तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं अकेडमिक डायरेक्टर दीपिका अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। इससे पूर्व विद्यालय परिवार की ओर से दीपिका अग्रवाल ने मुख्य अतिथि पवन अग्रवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पवन अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में अभिभावकों की भूमिका केवल बच्चों की शैक्षणिक प्रगति तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि उन्हें उनके व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास के निर्माण पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद, समय देना और उनकी भावनाओं को समझना सफल अभिभावकत्व की कुंजी है। उन्होंने अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उनकी रुचियों और क्षमताओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा देना आवश्यक है। तकनीकी युग में बच्चों के साथ संतुलित अनुशासन एवं मित्रवत व्यवहार अपनाना समय की मांग है।

यह सत्र अभिभावकों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने भी अपने प्रश्न रखे, जिनका समाधान विशेषज्ञ मार्गदर्शन के माध्यम से किया गया। अभिभावकत्व सुझावों और सार्थक संवाद से भरपूर यह सत्र अत्यंत समृद्ध रहा। अंत में अकेडमिक डायरेक्टर दीपिका अग्रवाल ने सभी अभिभावकों का उनके उत्साहपूर्ण सहभाग के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *