विधायक त्रिलोक सिंह चीमा व अंतरराष्ट्रीय एथलीट डॉ. विजेंदर चौधरी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नगर की सुप्रसिद्ध शैक्षणिक संस्था एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी में गत दिवस शनिवार को प्रतिभा और परिश्रम का भव्य उत्सव देखने को मिला, जब काशीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के 60 से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों और कोचों को ‘उत्तराखंड खेल सम्मान’ से अलंकृत किया गया। सुसज्जित सभागार में आयोजित इस गरिमामय समारोह ने खेल जगत के उभरते सितारों को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक त्रिलोक सिंह चीमा एवं विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड एथलेटिक्स सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन व अंतरराष्ट्रीय एथलीट डॉ. विजेंदर चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इससे पूर्व अकादमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। सभागार में उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। समारोह में जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में मनीष कुमार शर्मा, वेद प्रकाश शुक्ला, मुकेश कुमार यादव, रिचा शर्मा, वरुणिका त्यागी, अमनदीप कौर, नेहा सहित लगभग 60 खिलाड़ी एवं कोच शामिल रहे। प्रत्येक खिलाड़ी को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनकी उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सराहा गया। मंच पर जब खिलाड़ियों के नामों की घोषणा हुई तो तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठा।

अकादमी के प्रधानाचार्य जॉनसन ने बताया कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना है। विद्यालय में खेलों के लिए आवश्यक सुविधाएं और प्रशिक्षित कोच उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा को निखार सकें। प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे, ताकि प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके। अभिभावकों ने भी विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाना उनके आत्मबल को कई गुना बढ़ा देता है। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, गर्व और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। ‘उत्तराखंड खेल सम्मान’ समारोह ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि उचित मार्गदर्शन व प्रोत्साहन मिलने पर ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरने को तत्पर हैं।
प्रोत्साहन से मिली नई ऊर्जा, प्रदेश व देश के लिए पदक जीतने का जताया भरोसा

कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। उत्तराखंड खेल सम्मान’ से अलंकृत खिलाड़ियों और कोचों के चेहरों पर आत्मविश्वास और गर्व स्पष्ट झलक रहा था। सम्मान ग्रहण करने के पश्चात खिलाड़ियों ने विद्यालय प्रबंधन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक स्मृति चिन्ह नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उनका कहना था कि जब परिश्रम को सार्वजनिक मंच पर सराहना मिलती है तो लक्ष्य के प्रति समर्पण और भी दृढ़ हो जाता है। खिलाड़ियों ने विश्वास जताया कि इस प्रकार का प्रोत्साहन उन्हें और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से ही संभव है, और यह सम्मान उन्हें अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने का संकल्प देता है। कई खिलाड़ियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका लक्ष्य केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि वे प्रदेश और देश के लिए पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहते हैं। कोचों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को समय-समय पर सम्मानित करना उनके आत्मविश्वास को कई गुना बढ़ा देता है। उनका मानना है कि जब संस्थान खिलाड़ियों के साथ खड़ा होता है, तो वे चुनौतियों का सामना और अधिक साहस के साथ करते हैं। सम्मान समारोह ने खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार किया है और सभी ने एक स्वर में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प दोहराया।
खेल आयोजन युवाओं को देते हैं नई दिशा और ऊर्जा: त्रिलोक सिंह चीमा

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने उत्तराखंड खेल सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं और क्षेत्र में खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच है। विधायक चीमा ने प्रतिभावान खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज और शिक्षण संस्थानों का दायित्व है कि वे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और उचित मंच उपलब्ध कराएं, जिससे युवा सकारात्मक दिशा में अग्रसर हो सकें।
खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ाता है उनका आत्मविश्वास: डॉ. विजेंद्र चौधरी

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विशिष्ट अतिथि डॉ. विजेंद्र चौधरी ने कहा कि विद्यालय द्वारा प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित कर जो हौसला अफजाई की गई है, वह अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को समय-समय पर सम्मान और प्रोत्साहन मिलना उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की कुंजी है, लेकिन जब संस्थान और समाज उनका उत्साहवर्धन करते हैं तो खिलाड़ी और अधिक ऊर्जा के साथ लक्ष्य की ओर अग्रसर होते हैं। डॉ. चौधरी ने आशा व्यक्त की कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी होते रहेंगे, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिलता रहेगा।
प्रतिभाओं का सम्मान विद्यालय के लिए गर्व का विषय: सुखविंदर सिंह

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यालय के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर सम्मानित करना विद्यालय प्रबंधन के लिए गर्व और सुखद अनुभूति का विषय है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देना संस्था की प्राथमिकता रही है। सुखविंदर सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल, संस्कृति और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मानित खिलाड़ी भविष्य में और अधिक मेहनत व समर्पण के साथ नई उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
