अग्निकांड से दो दुकानों में भारी नुकसान, मेयर दीपक बाली ने दी 50 हजार रुपये की निजी सहायता

 

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शहर के महाराणा प्रताप चौक पर शनिवार सुबह अचानक लगी आग से दो दुकानों में भारी नुकसान हो गया। आग की इस घटना से क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार आग साइकिल मरम्मत की दुकानों और एक फल की दुकान में लगी, जिससे आवास विकास निवासी अनिल शर्मा की साइकिल मरम्मत की दुकानों और शहजाद हुसैन की फल की दुकान बुरी तरह प्रभावित हो गईं। आग की चपेट में आने से अनिल शर्मा की दोनों दुकानें पूरी तरह जलकर खत्म हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही काशीपुर के मेयर दीपक बाली मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन की ओर से पीड़ितों को हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान मेयर ने मानवीय पहल करते हुए अपनी ओर से तत्काल 50 हजार रुपये की निजी सहायता देने की घोषणा भी की। मेयर दीपक बाली ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर अग्निकांड में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराने और शासन से सहायता राशि स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। साथ ही पटवारी रोहित शर्मा को नुकसान का विवरण तैयार कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। पीड़ित दुकानदार अनिल शर्मा ने बताया कि आग से उनकी दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया है। इस घटना में उन्हें करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

👁 585 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *