एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी में पहली बार वोटिंग के जरिए हुआ छात्र नेतृत्व का चयन

लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनी गई छात्र परिषद, एसपी एसके सिंह ने दिलाई शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी में छात्र नेतृत्व को बढ़ावा देने एवं विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना विकसित करने के उद्देश्य से पहली बार मतदान प्रक्रिया के माध्यम से छात्र परिषद का गठन किया गया। शुक्रवार को विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए हेड गर्ल, हेड बॉय सहित विभिन्न छात्र पदाधिकारियों का चुनाव किया। मतदान प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरे विद्यालय का वातावरण लोकतांत्रिक उत्सव जैसा नजर आया।।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के परिणाम घोषित किए गए।

नव निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि काशीपुर के एसपी एसके सिंह ने बैच एवं पटका पहनाकर नई जिम्मेदारियां सौंपीं। इस अवसर पर उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों को ईमानदारी, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। देशभक्ति गीतों, समूह नृत्य एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य जॉनसन, समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्कूल स्टाफ मौजूद रहा। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति नई जागरूकता का संदेश दिया।

एसपी एसके सिंह ने सभी विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती हैं। कहा कि छात्र परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी एवं सामाजिक मूल्यों का विकास करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए छात्र प्रतिनिधि भविष्य में समाज और देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अकेडमी की चेयरपर्सन नवनीत कौर ने अपने संदेश में कहा कि छात्र परिषद का गठन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए छात्र प्रतिनिधि विद्यालय की गरिमा और अनुशासन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

अकेडमी के चेयरमैन सुखविन्दर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद का गठन बच्चों को लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने का एक सकारात्मक प्रयास है।
छात्र परिषद विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने नव निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए अपने साथियों के लिए आदर्श साबित होंगे।

 

👁 470 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *