चैती मेले की भजन संध्या में आज शामिल होंगे मुख्यमंत्री धामी,लखविंदर सिंह लक्खा बिखेरेंगे भक्ति रस

मां बाल सुंदरी देवी मंदिर परिसर में तैयारियां तेज, शाम 4 बजे से कार्यक्रम; विभिन्न भजन गायक करेंगे प्रस्तुति

 

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मां बाल सुंदरी देवी के चैती मेले में आयोजित होने वाली भजन संध्या में आज प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शिरकत करेंगे। वहीं प्रसिद्ध भजन गायक लखविंदर सिंह लक्खा अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे। मेला प्रशासन द्वारा भजन संध्या के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर भवन के पीछे एक विशाल पंडाल सजाया जा रहा है, जहां कार्यक्रम आयोजित होगा। इस भजन संध्या में लखविंदर सिंह लक्खा के अलावा शुभम तिलकधारी, सुमित ठाकुर और प्राची तिवारी भी अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। मेला मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम अभय प्रताप सिंह तथा तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि कार्यक्रम आज 30 मार्च की शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री धामी द्वारा किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री देहरादून से जसपुर पहुंचेंगे, जहां नादेही शुगर मिल स्थित हेलीपैड पर कुछ समय रुकने के बाद शाम 5 बजे काशीपुर के लिए रवाना होंगे। शाम 5:10 बजे आईजीएल हेलीपैड पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री 5:30 बजे कार से मां बाल सुंदरी देवी मंदिर प्रांगण में पहुंचेंगे और भजन संध्या का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत वह शाम 6:30 बजे हेलीपैड से खटीमा के लिए प्रस्थान करेंगे।

इनसेट:

जिलाध्यक्ष मनोज पाल के आवास पर भी जाएंगे मुख्यमंत्री

जसपुर (काशीपुर वार्ता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज सोमवार को महुआडाबरा स्थित काशीपुर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल के निवास पर भी पहुंचेंगे। वह यहां हाल ही में उनकी माता लीलावती के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

👁 721 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *