ज़िपर संस्थान के छात्र-छात्राओं का ‘फार्मा अन्वेषण-2026’ में शानदार प्रदर्शन, कई खिताब जीते

देश भर के 70 सांस्थानों के बीच पोस्टर प्रस्तुति व एआई इनोवेशन में मनवाया लोहा

मुरादाबाद (काशीपुर वार्ता)। जिपर संस्थान के छात्र-छात्राओं ने 25 मार्च को ‘नेशनल फार्मेसी डे’ के अवसर पर आयोजित पीसीआई प्रायोजित ‘फार्मा अन्वेषण-2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया। यह कार्यक्रम तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर के लगभग 70 कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में गाज़ियाबाद, मेरठ, लखनऊ, मुरादाबाद, देहरादून और काशीपुर जैसे शहरों के प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी सह रजिस्ट्रार प्रोफेसर अनिल मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ प्रोफेसर विभु साहनी, प्रोफेसर आकाश वेद, प्रोफेसर नीरज उपमन्यु, प्रोफेसर अम्बर व्यास तथा उत्तर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष संदीप बडोला भी मौजूद रहे।

अधिवेशन के दौरान विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से अपने नवाचार प्रस्तुत किए। जिपर संस्थान के छात्र-छात्राओं ने फार्मेसी क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग पर आधारित विषय प्रस्तुत कर निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता में रुकय्या मलिक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सन्ध्या धारकिया ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं एआई इनोवेशन श्रेणी में मोहम्मद अनस और वंश विश्नोई ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. दीपक तेवतिया, विभागाध्यक्ष डॉ. शिशिर नंदी एवं शहजाद उपस्थित रहे।

संस्थान के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने छात्रों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता उनके परिश्रम, समर्पण और नवाचार की सोच का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्र भविष्य में भी इसी तरह संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे। संस्थान के प्रबंधन एवं शिक्षकों ने भी सभी छात्र-छात्राओं को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

👁 661 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *