स्थापना दिवस पर श्रद्धा और उत्साह का संगम, स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल में विशेष पूजा आयोजन

रंग-बिरंगी सजावट, मंत्रोच्चार और सांस्कृतिक माहौल के बीच विद्यालय परिवार ने मनाया गौरवपूर्ण दिवस

 

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल में शुक्रवार को स्थापना दिवस हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का माहौल व्याप्त रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और कथा आयोजन से हुई, जिसमें मंत्रोच्चार से पूरा परिसर गूंज उठा और वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रो. वीसी गुरदयाल सिंह सैनी ने भावुक होते हुए कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव का नहीं, बल्कि आत्ममंथन और उपलब्धियों के मूल्यांकन का दिन भी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य केवल शैक्षणिक शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करना था, जिसे संस्थान ने सफलतापूर्वक साकार किया है।

विद्यालय प्रबंधिका हरप्रीत कौर एवं सह-प्रबंधिका शिरीन सैनी ने अपने संबोधन में संस्थान की स्थापना के मूल उद्देश्यों और अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देता है। प्रधानाचार्य सुरेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि यह अवसर पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि विद्यालय न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए जाना जाता है, बल्कि खेल, कला, विज्ञान एवं नैतिक शिक्षा के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित करता है। विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्राप्त उपलब्धियां संस्थान की गुणवत्ता को दर्शाती हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई।

👁 778 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *