6 कक्षाओं व शौचालय ब्लॉक का लोकार्पण, एएसपी एसपी सिंह रहे मुख्य अतिथि
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कॉर्बेट राउंड टेबल 372 एवं कॉर्बेट लेडीज़ सर्कल 211 ने राउंड टेबल इंडिया के अधीन डॉ. जगदीश चंद्र गुप्ता, गोपाल चंद्र गुप्ता सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जैतपुर घोषी, काशीपुर में 6 कक्षाओं के एक नए ब्लॉक एवं एक शौचालय ब्लॉक का निर्माण कराया है। नव निर्मित भवन का उद्घाटन आज विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एएसपी काशीपुर एसपी सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर राउंड टेबल इंडिया के नेशनल प्रेसिडेंट Tr रचित बंसल, नेशनल ट्रेज़रर Tr वीपुल भुटाड़ा, एरिया 8 के चेयरमैन Tr निखिल अग्रवाल एवं एरिया वाइस चेयरमैन Tr आयुष अग्रवाल सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। नव निर्मित कक्षाओं और शौचालय ब्लॉक से विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे स्वच्छता और अध्ययन वातावरण में उल्लेखनीय सुधार आएगा। इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधाजनक शैक्षणिक माहौल प्राप्त होगा। यह परियोजना दानदाताओं के सहयोग और कॉर्बेट राउंड टेबल 372 एवं लेडीज़ सर्कल 211 के सतत प्रयासों का परिणाम है, जो उनके शिक्षा और समाज सेवा के प्रति समर्पण को दर्शाती है। इस अवसर पर कॉर्बेट राउंड टेबल 372 के चेयरमैन Tr विशेष बंसल ने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में योगदान देना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जो बच्चों के सपनों को साकार कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है।
