आगामी 5 जून को होगी विशेष बैठक, समाज के उत्थान को लेकर जनप्रतिनिधियों से संपर्क की बनेगी रणनीति
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। अखिल भारतीय रोहिला क्षत्रिय महासभा भारत के तत्वावधान में सोमवार को रुहेला समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक भास्कर रुहेला के प्रतिष्ठान पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री संजय रुहेला एडवोकेट ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय सचिव विशाल रुहेला ने किया। बैठक में समाज के विकास एवं संगठनात्मक मजबूती को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर काशीपुर स्थित रुहेला समाज की धर्मशाला एवं कुएं के जीर्णोद्धार के साथ वहां समाज भवन निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि नगर में विभिन्न समाजों की अपनी सभाएं एवं भवन हैं, जबकि रुहेला समाज के लिए अभी तक कोई स्थायी सभा भवन उपलब्ध नहीं है। बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी 5 जून को एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अखिल भारतीय रोहिला क्षत्रिय महासभा से जुड़े समाज के प्रमुख लोग शामिल होंगे। इस बैठक में समाज के हितों एवं विकास संबंधी मुद्दों पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही सांसद, विधायक, मेयर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों से संपर्क कर रुहेला समाज के उत्थान और विभिन्न मांगों को लेकर चर्चा किए जाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संजय रुहेला एडवोकेट, राष्ट्रीय सचिव विशाल रुहेला, कोषाध्यक्ष प्रेम रुहेला, सुनील रुहेला, राजीव रुहेला, प्रदीप रुहेला, कौशल रुहेला, पवन रुहेला, अर्जुन रुहेला, राजेंद्र रुहेला, सचिन रुहेला, अनिल रुहेला, मीत रुहेला, रुद्र रुहेला सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





