वेलनेस सूत्रा की श्वेता नागर ने डीएमआईटी के माध्यम से व्यक्तित्व व बुद्धिमत्ता के विभिन्न आयामों से कराया परिचय

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल कशीपुर में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा अवलोकन विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वेलनेस सूत्रा से आईं विशेषज्ञ श्वेता नागर ने छात्रों को व्यक्तित्व विकास और अंतर्निहित क्षमताओं की पहचान के महत्व से अवगत कराया। विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने बताया कि इस सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके व्यक्तित्व के विभिन्न प्रकारों को समझाना और उनकी प्राकृतिक प्रतिभा एवं संभावनाओं की पहचान में मार्गदर्शन देना है, जिससे वे अपने भविष्य को सही दिशा में आगे बढ़ा सकें। सत्र के दौरान श्वेता नागर ने छात्रों को डीएमआईटी (डर्मेटोग्लिफिक्स मल्टीपल इंटेलिजेंस टेस्ट) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह परीक्षण न्यूरोसाइंस और मनोविज्ञान के सिद्धांतों पर आधारित है, जो किसी व्यक्ति की प्राकृतिक क्षमताओं, बुद्धिमत्ता के प्रकार और संभावनाओं का आकलन करने में सहायक होता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह परीक्षण लगभग 95 प्रतिशत तक सटीक परिणाम प्रदान करने में सक्षम है। पूरा सत्र अत्यंत संवादात्मक और रोचक रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका श्वेता नागर ने सरल और स्पष्ट शब्दों में उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस सत्र ने छात्रों को अपनी विशेषताओं को समझने और आत्मविकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की इवेंट कोऑर्डिनेटर रेखा सिंह ने विद्यालय प्रबंधन की ओर से श्वेता नागर का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।
