चेयरमैन डॉ. गौरव गर्ग व निदेशिका शिल्पी गर्ग ने जताया भरोसा, कहा—विद्यालय को मिलेगी नई ऊँचाई


काशीपुर काशीपुर वार्ता। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहे मास्टर इंटरनेशनल स्कूल ने प्रशासनिक मजबूती और शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शिक्षाविद दीपिका अग्रवाल को विद्यालय का नया प्रधानाचार्या नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से विद्यालय में गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दीपिका अग्रवाल के आगमन पर विद्यालय परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रबंधन ने उनके अनुभव और कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संस्थान नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। विद्यालय के शिक्षकों व अभिभावकों में भी उनकी नियुक्ति को लेकर उत्साह का माहौल है और सभी को उनके नेतृत्व में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ. गौरव गर्ग ने अपने संदेश में कहा कि हमारा उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए एक सशक्त मंच तैयार करना है। दीपिका अग्रवाल का अनुभव, दृष्टिकोण और नेतृत्व क्षमता विद्यालय को नई दिशा देंगे। हमें पूर्ण विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में मास्टर इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करेगा। वहीं विद्यालय की

विद्यालय की निदेशिका शिल्पी गर्ग ने कहा कि विद्यालय की प्रगति में एक सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। दीपिका अग्रवाल का शैक्षणिक अनुभव और प्रशासनिक दक्षता उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाते हैं। हमें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस नियुक्ति को विद्यालय के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में संस्थान नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर होगा।
प्रधानाचार्या दीपिका अग्रवाल का संक्षिप्त परिचय

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल की नवनियुक्त प्रधानाचार्या दीपिका अग्रवाल एक उच्च शिक्षित एवं अनुभवी शिक्षाविद हैं, जिन्होंने एम.कॉम, एमबीए और बी.एड की डिग्रियाँ प्राप्त की हैं तथा वर्तमान में पीएचडी कर रही हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टेम्पलटन कॉलेज, काशीपुर से की, जहाँ एक वर्ष तक अध्यापन कार्य किया। इसके बाद डीपीएस काशीपुर में एडमिन हेड के रूप में दो वर्षों तक कार्य करते हुए प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया। लिटिल मिलेनियम में सीनियर को-ऑर्डिनेटर के रूप में उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित किया। आगे चलकर संस्कार स्कूल में प्रधानाचार्या के रूप में विद्यालय के विकास में अहम योगदान दिया। इसके अतिरिक्त होली एंजल पब्लिक स्कूल में निदेशक प्रशासन के रूप में भी उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही। उनका बहुआयामी अनुभव उन्हें एक सक्षम शैक्षणिक नेतृत्वकर्ता बनाता है।
प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता निखारना हमारा लक्ष्य: दीपिका अग्रवाल

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नव नियुक्त प्रधानाचार्या दीपिका अग्रवाल ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपने प्रथम संदेश में विद्यार्थियों के समग्र विकास को शिक्षा का मूल उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, सोच और नैतिक मूल्यों के विकास का सशक्त माध्यम है।
प्रधानाचार्या अग्रवाल ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि विद्यालय में ऐसा सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण विकसित किया जाए, जहाँ प्रत्येक विद्यार्थी अपनी क्षमताओं को पहचान सके और उन्हें निखारने का अवसर प्राप्त करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय का लक्ष्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और आत्मनिर्भर नागरिक तैयार करना है। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच मजबूत समन्वय को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शिक्षा के उच्च मानक स्थापित किए जा सकते हैं। दीपिका अग्रवाल ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से मास्टर इंटरनेशनल स्कूल को उत्कृष्टता के नए आयाम तक पहुंचाया जाएगा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जाएगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने की बात दोहराते हुए कहा कि यही संतुलन विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाएगा।

