विद्यार्थियों ने नारों से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, अधिकारियों ने की पहल की सराहना

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आज बुधवार को समर स्टडी हॉल विद्यालय द्वारा कुण्डेश्वरी क्षेत्र में विशेष यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लेते हुए कुण्डेश्वरी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर तथा जोशीले नारों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। छात्रों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सड़क पार करते समय सावधानी बरतने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए। रैली के दौरान स्थानीय लोगों ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना की और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली इस पहल को सराहनीय बताया। विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था और उन्होंने अनुशासन के साथ पूरे क्षेत्र में जागरूकता संदेश पहुंचाया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अनुराग कुमार सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीरज कुमार, टीएसआई रमेश कुमार तथा कुण्डेश्वरी चौकी प्रभारी मनोज धोनी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने कहा कि युवा पीढ़ी के माध्यम से समाज में जागरूकता का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें काजिम रिजवी, पूनम अरोड़ा, निधि गुप्ता, दीपेंद्र कुमार, मुस्तकीम सिद्दीकी, संजय कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने यातायात नियमों का पालन करने, दूसरों को प्रेरित करने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
