2047 वोट हासिल कर दर्ज की जीत, भाजपा के सचिन बटला को मिले 1953 मत
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नगर पंचायत गढ़ीनेगी के चुनाव परिणाम में निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा प्रत्याशी सचिन बटला को 94 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। घोषित परिणाम के अनुसार अभिषेक सुखीजा को 2047 वोट प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी सचिन बटला को 1953 वोट मिले। मतगणना आज गुरुवार सुबह आठ बजे से निर्धारित केंद्र मुरादाबाद रोड स्थित फल मंडी पर शुरू हुई। प्रशासन की निगरानी में सात टेबलों पर मतों की गिनती की गई। प्रत्येक टेबल पर कर्मचारियों एवं अधिकारियों की तैनाती की गई थी ताकि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्र के भीतर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई, जबकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए रखी। मतगणना शुरू होने के साथ ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की उत्सुकता बढ़ गई थी। केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक परिणामों की जानकारी के लिए डटे रहे। जैसे-जैसे मतगणना के राउंड आगे बढ़ते गए, मुकाबला रोचक होता गया। अंततः घोषित परिणाम में निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने 2047 मत प्राप्त कर भाजपा प्रत्याशी सचिन बटला को 94 मतों से पराजित कर जीत अपने नाम कर ली। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। जीत की खबर मिलते ही अभिषेक सुखीजा के समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और खुशी का इजहार किया। नगर पंचायत गढ़ीनेगी में अब नई नेतृत्व टीम के गठन का रास्ता साफ हो गया है।








