बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामला, आरोपी कर्मचारी पर एफआईआर दर्ज, बीकेटीसी ने किया निलंबित


चमोली। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित वित्तीय हेराफेरी के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ बदरीनाथ थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले में आरोपी वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को बीकेटीसी ने निलंबित कर दिया है। समिति ने उनके खिलाफ प्रथम दृष्टया गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें बीकेटीसी कार्यालय, जोशीमठ से संबद्ध किया गया है तथा सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगाई गई है। साथ ही उन्हें जांच में पूर्ण सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मामले का सख्त संज्ञान लिया है। इसके बाद जांच प्रक्रिया को और तेज करते हुए गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आरोपी कर्मचारी को तीन जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर निलंबन की संस्तुति की, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस और जांच समितियां अब चढ़ावे की गणना, वित्तीय अभिलेखों और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

👁 683 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *