ऑपरेशन प्रहार का बड़ा वार, वाहन चोर गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार

छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद; फरार साथी की तलाश जारी

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। आईटीआई कोतवाली पुलिस ने एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वाहन चोरी के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार चैती मेले के दौरान हुई वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से 24 जून को वकीलोवाला रोड स्थित पीएम आवास योजना के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान निखिल गोस्वामी (19) निवासी काशीपुर तथा पिंटू (27) निवासी मसवासी, रामपुर के रूप में हुई। इस दौरान उनका साथी अजय सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से थाना आईटीआई में दर्ज दो वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक खंडहर से चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। इस प्रकार पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे की लत और निजी खर्चों की पूर्ति के लिए मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी, नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

👁 1,055 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *