मुख्यमंत्री धामी ने रामनगर में किया धनगढ़ी पुल का लोकार्पण

धनगढ़ी नाले पर पुल बनने से कुमाऊं और गढ़वाल की राह होगी आसान

रामनगर (कशीपुर वार्ता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल के लिए महत्वपूर्ण धनगढ़ी नाले पर पुल बनने से उत्तराखंड की कनेक्टिविटी आसान होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति और नीयत स्पष्ट है। सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में श्रेष्ठ राज्य बनाने पर काम कर रहे हैं। रविवार को पुल के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुल न बनने से धनगढ़ी नाला बरसात में उफान पर आ जाता था। इसके कारण होने वाले हादसों की सूचना से वह व्यथित होते थे। पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह इस पुल को बना सकती थीं। चुनाव में धनगढ़ी और पनोद नाले पर पुल बनाने का जनता को आश्वासन देने वाले लोग चुनाव बाद इस मुद्दे को उठाते तक नहीं थे। बताया कि रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट समेत कई विधायक पुल निर्माण को लेकर उनसे मिलते रहे। धनगढ़ी पुल निर्माण में कुछ अड़चनें आई थीं, जिसे केंद्र की मदद से दूर किया गया। बता दें कि 29 करोड़ की लागत से करीब 220 मीटर लंबा पुल दो साल में बनकर तैयार हुआ है। सीएम धामी ने कहा कि 2014 से पहले दूरस्थ क्षेत्र में प्रदेश की कोई नई सड़क नहीं दिखती थी, लेकिन भाजपा की सरकार ने प्रदेश के सीमांत के अंतिम गांव तक सड़क पहुंचाने का काम किया है। सरकार की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाया गया। कहा कि धनगढ़ी और पनोद के पुल बनने से चारधाम के लिए भी यहां से कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे कारोबार बढ़ने के साथ ही युवाओं को रोजगार मिलेगा। सीएम धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी योजनाएं कागजों तक ही रहीं। कांग्रेस जनता की सरकार नहीं बन पाई। कहा कि भाजपा की सरकार ने कई बड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। जनता ने जो कहा वह काम सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के पुल बनाए हैं।

सरकार कुंभ के बीच भी चुनाव के लिए तैयार : धामी

रामनगर (कशीपुर वार्ता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ के दौरान भी सरकार चुनाव के लिए तैयार है। कहा कि कुंभ के बीच 20 से 25 दिनों का समय मिल रहा है जो पर्याप्त है। धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के दौरान सीएम ने सरकार के विकास के विजन को रखा। उन्होंने कहा कि जो काम आजादी से पहले होने थे, उनको कांग्रेस ने रोके रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास को गति दी। खासकर उत्तराखंड से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खासा लगाव है। वह प्रदेश को अग्रणी प्रदेश में देखना चाहते हैं। विधानसभा चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय चुनाव आयोग लेना है। बहरहाल, कुंभ के आयोजन के बीच भी सरकार चुनाव के लिए तैयार है।

 

👁 1,119 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *