विधायक त्रिलोक सिंह चीमा व पूर्व महापौर उषा चौधरी ने किया विजेताओं का सम्मान, प्रतिभागियों ने प्रस्तुतियों से जीता दिल
काशीपुर (कशीपुर वार्ता) 28 जुलाई। एक ओंकार ग्लोबल अकादमी में बुधवार को आयोजित इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों के साथ यादगार बन गई। प्रतियोगिता में एक ओंकार ग्लोबल अकादमी काशीपुर, जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, जेनेसिस स्कूल जसपुर, ग्रेट मिशन स्कूल हिम्मतपुर रामनगर, समर स्टडी हॉल विद्यालय कुंडेश्वरी, होली एंजेल पब्लिक स्कूल खरमासा, छावनी चिल्ड्रन अकादमी सहित क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी वेशभूषा और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक त्रिलोक सिंह चीमा तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व महापौर उषा चौधरी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। विद्यालय के चेयरमैन सुखविंदर सिंह, चेयरपर्सन नवनीत कौर, प्रधानाचार्य जॉनसन, शिक्षकगण एवं अभिभावक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
जूनियर सोलो प्रतियोगिता में जी.डी. गोयनका की मानवी नेगी ने प्रथम, एक ओंकार ग्लोबल अकादमी की अनाही एवं जेनेसिस स्कूल की पावनी ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा लिटिल स्कॉलर स्कूल की दिव्यांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर सोलो वर्ग में एक ओंकार ग्लोबल अकादमी की एंजल शर्मा और समर स्टडी हॉल विद्यालय की दिया नेगी संयुक्त रूप से प्रथम रहीं। ग्रेट मिशन स्कूल की रिद्धि ने द्वितीय तथा छावनी स्कूल की प्रतिभागी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जूनियर ग्रुप डांस में एक ओंकार ग्लोबल अकादमी एवं होली एंजेल पब्लिक स्कूल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रेट मिशन स्कूल दूसरे तथा जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। सीनियर ग्रुप डांस में समर स्टडी हॉल विद्यालय ने प्रथम, एक ओंकार ग्लोबल अकादमी ने द्वितीय तथा जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंत में मुख्य अतिथियों ने सभी विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
नृत्य जैसी सांस्कृतिक गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं: सुखविंदर सिंह
कशीपुर कशीपुर वार्ता। एक ओंकार ग्लोबल अकादमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता की सफलता पर सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियाँ भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि नृत्य जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से यह सिद्ध किया है कि प्रतिभा को उचित मंच मिले तो वह नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकती है। उन्होंने विजेता एवं प्रतिभागी सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि एक ओंकार ग्लोबल अकादमी भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक एवं प्रेरणादायी प्रतियोगिताओं का आयोजन करती रहेगी, ताकि विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई पहचान मिल सके।






