केवीएस प्रीमियर ग्रुप के रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 204 यूनिट रक्त संग्रहित

रोटरी क्लब व इनरव्हील क्लब के सहयोग से आयोजित शिविर में महापौर दीपक बाली ने किया शुभारंभ, रक्तदाताओं को किया सम्मानित

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखण्ड के अग्रणी औद्योगिक प्रतिष्ठान केवीएस प्रीमियर ग्रुप (काशी विश्वनाथ स्टील्स प्रा. लि., केवीएस कास्टिंग्स लिमिटेड एवं देवार्पण फूड्स प्रा. लि.) की सामाजिक इकाई केवीएस प्रीमियर फाउंडेशन द्वारा गुरुवार को काशी विश्वनाथ स्टील्स प्रा. लि. परिसर में रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर एवं इनरव्हील क्लब ऑफ काशीपुर के सहयोग से भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर दीपक बाली, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख चन्द्रप्रभा, उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की सदस्या मुक्ता सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष जसपाल सिंह, नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशान्त कुमार सिंह, केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रबंध निदेशक देवेन्द्र कुमार अग्रवाल, निदेशक अर्पण जिन्दल एवं बी.पी. गोयल, रोटरी क्लब के अध्यक्ष रो. संजय गोयल, सचिव रो. रेखा अग्रवाल, संयुक्त सचिव रो. प्राची अग्रवाल, तथा इनरव्हील क्लब की अध्यक्षा रूपाली अग्रवाल एवं सचिव सारिका अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि दीपक बाली ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई लोगों को नया जीवन दे सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए।” शिविर में रक्तदान से पूर्व एल.डी. भट्ट राजकीय चिकित्सालय, काशीपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकीय जांच के उपरांत सुरक्षित एवं वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह किया गया। शिविर में कुल 204 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसका उपयोग गंभीर रूप से बीमार एवं दुर्घटना पीड़ित मरीजों के उपचार में किया जाएगा।

केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रबंध निदेशक देवेन्द्र कुमार अग्रवाल ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में मानव सेवा की भावना को सशक्त बनाते हैं और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी नियमित रूप से जनसेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया।इस अवसर पर पुनीत मोहिन्द्रा, एस.के. सिंह, संजय अग्रवाल, रो. पवन अग्रवाल, रो. राज मेहरोत्रा, रो. अतुल असावा, रो. पारस मेहरोत्रा, रो. डॉ. एस.पी. गुप्ता, रो. राजीव खरबन्दा, रो. मयंक अग्रवाल, रो. मनोज चौधरी, एल.डी. भट्ट राजकीय चिकित्सालय के डॉ. जीशान सहित अनेक चिकित्सक, समाजसेवी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन ने सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा के क्षेत्र में केवीएस प्रीमियर ग्रुप की प्रतिबद्धता को एक बार फिर रेखांकित किया।

 

👁 1,106 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *