जोशीमठ सीएचसी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की मांग


गोपेश्वर (चमोली)। जोशीमठ के जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से सीएचसी की क्षमता 50 बेड किए जाने की गुहार लगाई है।

ढाक वार्ड की जिला पंचायत सदस्य आयुषी बुटोला, सरपंच प्रदीप राणा, पूर्व प्रधान लक्ष्मण बुटोला, धर्मेंद्र राणा आदि ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ को 50 बेड की सुविधा प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की भी मांग की। कहा कि सीमांत नीती घाटी के लोगों की स्वास्थ्य सेवा भी इसी स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है। इसलिए इसके बेड क्षमता बढ़ाई जानी चाहिए। कहा कि पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री डा. धनसिंह रावत ने 50 बेड के अस्पताल की घोषणा की थी किंतु अभी तक घोषणा धरातल पर नहीं उतर पाई है। कहा कि मौजूदा दौर में व्यवस्थाएं जीर्ण शीर्ण हालत में चल रही है। इस कारण सीएचसी रेफरल सेंटर बना हुआ है।

जनप्रतिनिधियों ने वन मंत्री उनियाल से लाता को पर्यटन गतिविधियों के लिए खोले जाने की भी मांग की। कहा कि मौजूदा दौर में नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क के अधीन कई क्षेत्रों के मानव गतिविधियों के लिए प्रतिबंधित किया गया है। इससे लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोगों को पर्यटन के जरिए रोजगार से जोड़ने की भी गुहार लगाई गई। गौरा देवी की कर्म भूमि रेणी गांव में गेस्ट हाउस तथा म्यूजियम के निर्माण की भी मांग की गई। इससे गौरा देवी पर आधारित शोध कार्यक्रमों को बढ़ावा मिलेगा। 

उपजिला चिकित्सालय का भी लिया जायजा

काबीना मंत्री सुबोध उनियाल ने उपजिला चिकित्सालय ज्योतिर्मठ में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर न करने के निर्देश दिए। कहा कि स्थानीय स्तर पर मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। चिकित्सकों को बाहर से दवाईयां न लिखने के लिए सख्त निर्देश भी दिए।  इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अभिषेक गुप्ता समेत अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

 



Source link

👁 821 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *