5 वर्ष से कम उम्र के हर बच्चे को 28 जून को जरूर पिलाएं पोलियो की दो बूंदें : डॉ. रवि सहोता

राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान में अभिभावकों से बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील

बोले—टीकाकरण से बच्चे और समाज दोनों रहेंगे सुरक्षित

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान (दो बूंद जिंदगी की) के तहत रविवार, 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले विशेष अभियान को लेकर सहोता मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं न्यूरो ट्रामा सेंटर के प्रबंधक एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि सहोता ने अभिभावकों से अपने पांच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दो बूंद पिलाने की अपील की है। डॉ. रवि सहोता ने अभियान के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि यदि किसी बच्चे का सरकारी अथवा निजी अस्पताल में नियमित टीकाकरण (वैक्सीनेशन) पूरा हो चुका है, तब भी उसे 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने बताया कि यह अतिरिक्त खुराक बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान केवल एक बच्चे की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे समाज और आसपास के लोगों की सामूहिक प्रतिरोधक क्षमता भी पोलियो वायरस के विरुद्ध मजबूत होती है। यही कारण है कि इस अभियान में प्रत्येक अभिभावक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। डॉ. रवि सहोता ने सभी अभिभावकों से राष्ट्रहित और जनहित में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा अपने पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को 28 जून को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने का आह्वान किया।

 

👁 2,407 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *