डीएवी पब्लिक स्कूल के समर कैंप में बच्चों ने दिखाया हुनर, पूल पार्टी से लेकर योगा तक रहा उत्साह

चार दिवसीय समर कैंप में विद्यार्थियों ने सीखी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना की सीख

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। अलीगंज रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में 26 मई से 29 मई 2026 तक आयोजित चार दिवसीय समर कैंप का भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समर कैंप में बच्चों के लिए विशेष रूप से आयोजित पूल पार्टी आकर्षण का केंद्र रही, जहां विद्यार्थियों ने जमकर मस्ती की और अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त किए। इसके अलावा आर्ट एंड क्राफ्ट, फायरलेस कुकिंग, योगा, डांस, संगीत तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता, नेतृत्व कौशल और टीम भावना को नई दिशा मिली।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार समर कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास का संचार करना तथा सृजनात्मक सोच को विकसित करना था। चार दिनों तक चले इस आयोजन में बच्चों ने न केवल नई चीजें सीखीं, बल्कि अपने भीतर छिपी प्रतिभाओं को भी पहचानने का अवसर प्राप्त किया।

समापन समारोह में विद्यालय के चेयरमैन जेपी सूर, एआरओ पी.सी. पुरोहित, मैनेजर अमित कुमार जोशी एवं प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. चौबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने बच्चों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक बृजेश रावल, अमित नेगी, धर्मराज बिष्ट, उमेश चंद्र शर्मा एवं समता भटनागर सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। समर कैंप के सफल आयोजन से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है समर कैंप : डॉ. एसके चौबे

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)।  विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एस के चौबे के कहा कि चार दिवसीय समर कैंप विद्यार्थियों के लिए सीखने, सृजन करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुआ। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक कौशल के विकास का भी माध्यम है। समर कैंप की विविध गतिविधियों ने बच्चों को नई ऊर्जा, रचनात्मक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान किया है। मुझे प्रसन्नता है कि विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रत्येक गतिविधि में सहभागिता की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी।  उन्होंने कहा की मेरा विश्वास है कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं तथा उन्हें जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित करते है।

👁 997 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *