‘एक कदम पर्यावरण के नाम’ अभियान के तहत स्वच्छ एवं हरित काशीपुर बनाने का लिया संकल्प

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम काशीपुर द्वारा आज शुक्रवार को टंचिंग ग्राउंड परिसर में भव्य हरियाली उत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों, जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल के बच्चे, प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी, शिक्षकों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ‘एक कदम पर्यावरण के नाम’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित काशीपुर के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाना केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है, लेकिन अभी भी व्यापक जनभागीदारी की आवश्यकता है। महापौर ने नागरिकों से सड़कों पर कूड़ा न फैलाने, गीले कूड़े से खाद बनाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी आवश्यक है।कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा कूड़ा निस्तारण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई। महापौर ने बताया कि प्रदूषित जल को शुद्ध कर कृषि एवं औद्योगिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।


कार्यक्रम का संचालन टैक्स अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, विभिन्न पार्षदगण, जीडी गोयंका विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी एवं विद्यालय के छात्र-छात्राए व अन्य विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संगठन एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





