विश्व पर्यावरण दिवस पर जीडी गोयनका स्कूल ने चलाया हरित अभियान, वृक्षारोपण में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

नगर निगम के अभियान में छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ ने दिखाई पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता, ‘स्वच्छ काशीपुर-हरित काशीपुर’ का दिया संदेश

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज शुक्रवार को नगर निगम काशीपुर द्वारा आयोजित वृक्षारोपण अभियान में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने शहर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में चलाए जा रहे अभियान को जन-जागरूकता से जोड़ते हुए पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की टीम ने नगर निगम के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा लोगों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की अपील की। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बावजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को विशेष ऊर्जा प्रदान की। उल्लेखनीय है कि विद्यालय प्रबन्धन शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देता है और इसी उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर द्वारा वर्षभर ‘शनि सर्जना’ के बैनर तले अनेक सामाजिक, शैक्षिक एवं जागरूकता अभियान संचालित किए जाते हैं। इन अभियानों का उद्देश्य विद्यार्थियों तथा आमजन में सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरणीय चेतना विकसित करना है। इस अवसर पर प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी, रेखा सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

विद्यालय की को-एमडी रिशिता ने की महापौर के प्रयासों की सराहना

विद्यालय की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने काशीपुर के महापौर दीपक बाली द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के बिना स्वस्थ भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती। विद्यार्थियों को बचपन से ही पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है।

 

👁 1,176 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *