पाबौ क्षेत्र को मिली 4.85 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात


पाबौ : कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के पहले दिन विकासखंड पाबौ क्षेत्र में 4.85 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कई गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा क्षेत्र के विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की।

भ्रमण के दौरान डॉ. रावत ने ग्राम बजवाड़ में 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इस उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

इसके उपरांत उन्होंने चमगांव तोक से बड़ियूं गांव तक 10.01 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सड़क संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत 3.50 किलोमीटर लंबे पटोटी-माथोली मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया। इस परियोजना पर 4.19 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि व्यय की जाएगी।

ग्राम सलाना में कैबिनेट मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय त्रिलोक सिंह भंडारी की स्मृति में निर्मित “त्रिलोक सिंह भंडारी स्मृति द्वार” का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और समर्पण राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है तथा उनके आदर्श सदैव नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

कैबिनेट मंत्री ने सलाना, बड़ियूं, चमगांव, कालौं सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, विमल नेगी, नरेंद्र भंडारी, बलवीर सिंह, गंगा सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



Source link

👁 1,023 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *