घर परिवार और विद्यालय परिवार में जश्न; छात्रा की उपलब्धि बनी अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा प्रांजलि जोशी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के दम पर प्रतिष्ठित वीआईटी (वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी), चेन्नई में बीटेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) पाठ्यक्रम में प्रवेश हासिल कर विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। प्रांजलि की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि प्रांजलि ने यह सफलता अपने निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर प्राप्त की है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, सकारात्मक सोच और अथक मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई और शुभकामनाएं
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय की प्रबंधिका हरप्रीत कौर, सह-प्रबंधिका शिरीन सैनी तथा प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने प्रांजलि जोशी को हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रांजलि की सफलता विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह उपलब्धि उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश देती है। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने भी प्रांजलि की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छूते हुए देश और समाज का नाम रोशन करेगी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और समर्पित मार्गदर्शन के माध्यम से उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रांजलि जोशी की सफलता इसी शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की लगन का उत्कृष्ट उदाहरण है। विद्यालय परिवार ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर एक बार फिर प्रांजलि और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






