विद्यालय प्रबंधन ने क्लब का आभार जताते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को बताया प्रेरणादायी पहल
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए रोटरी क्लब ऑफ कॉर्बेट काशीपुर ने अध्यक्ष डॉ. रवि सहोता के नेतृत्व में ग्राम कुंडेश्वरी स्थित किसान इंटर कॉलेज, में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सीलिंग फैन भेंट किए। इस सेवा कार्य का उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे गर्मी के मौसम में भी बिना किसी असुविधा के अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें। आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में सीलिंग फैन कॉलेज प्रबंधन को सौंपे गए। इस अवसर पर किसान इंटर कॉलेज के चेयरमैन अनुराग सिंह ने रोटरी क्लब की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों का शिक्षा संस्थानों के साथ इस प्रकार का सहयोग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सहयोग की अपेक्षा जताई। सभी ने शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। विद्यालय परिवार ने रोटरी क्लब ऑफ कॉर्बेट काशीपुर के इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए इसे शिक्षा और समाजहित की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताया। कार्यक्रम में डॉ. सुरुचि सक्सेना, प्रो. डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, अरुण मेहरोत्रा, मुक्ता सिंह तथा रचना सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सेवा ही रोटरी की पहचान, समाजहित के कार्य निरंतर रहेंगे जारी : डॉ. रवि सहोता
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। रोटरी क्लब ऑफ कॉर्बेट काशीपुर द्वारा आयोजित सेवा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष डॉ. रवि सहोता ने कहा कि “सेवा ही रोटरी की पहचान है और समाज की आवश्यकताओं को समझकर निस्वार्थ भाव से कार्य करना ही रोटरी का मूल उद्देश्य है।” उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण जैसे क्षेत्रों में रोटरी क्लब लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, जरूरतमंदों की सहायता करना तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सहभागिता निभाना क्लब की प्राथमिकता है। डॉ. सहोता ने विश्वास व्यक्त किया कि रोटरी क्लब ऑफ कॉर्बेट काशीपुर भविष्य में भी समाजहित के ऐसे सेवा कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।






