केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसायटी की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा का लिया संकल्प

प्रदेश महामंत्री अमित गर्ग ने दिलाई शपथ, प्रदेश अध्यक्ष बीएस मनकोटी की अध्यक्षता में हुई आमसभा

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसायटी (रजि.) काशीपुर की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह एवं आमसभा रविवार को रामनगर रोड स्थित होटल अनन्या रीजेंसी में गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ, जबकि समापन राष्ट्रीय गान के साथ किया गया। समारोह में हरिद्वार से आए संगठन के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्य अतिथि अमित गर्ग ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को उनके दायित्वों की विधिवत शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. मनकोटी (अल्मोड़ा) ने की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संगठन दवा व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान, उनके व्यवसायिक हितों की रक्षा तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए एकजुट होकर कार्य करेगा। आमसभा में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, औषधि व्यवसाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया। उपस्थित दवा व्यवसायियों ने नई कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। नव निर्वाचित पदाधिकारियों में योगेश बिश्नोई अध्यक्ष, राजेश बाली महामंत्री, मनीष चावला उपाध्यक्ष तथा प्रशान्त अरोरा (बॉबी) कोषाध्यक्ष चुने गए। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों में सईद अहमद, गोल्डी सिंह, चरणजीत सिंह, सचिन अरोरा, विपिन लाल, बलजीत सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की। अपने संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगेश बिश्नोई ने स्पष्ट कहा कि शहर में संचालित अनाधिकृत मेडिकल स्टोरों को नियमानुसार मुख्यधारा में आना होगा, अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की कि वे अपने ड्रग लाइसेंस एवं मेडिकल स्टोर का नवीनीकरण अवधि समाप्त होने से कम से कम तीन माह पूर्व करा लें, ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी समस्या का सामना न करना पड़े। समारोह में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आए दवा व्यवसायियों एवं संगठन के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में सर्वेश अरोरा, मनीष अग्रवाल, संजय ठाकुर, भुवन जोशी, समीर चतुर्वेदी, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, दीपक मित्तल, अजय गर्ग, प्रभात अरोरा, प्रियांशु बंसल, चुनाव अधिकारी योगेंद्र मोहन सक्सैना, सहायक चुनाव अधिकारी मुकेश चावला, विवेक विश्नोई, भुवनेश कुमार विश्नोई, रईस अहमद सहित सैकड़ों औषधि विक्रेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रियांशु बंसल ने किया।

 

👁 965 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *