गन्ना किसान गोष्ठी में उत्पादन बढ़ाने और विभागीय योजनाओं पर हुआ मंथन

किसानों ने समय पर भुगतान और चीनी मिल के सुचारू संचालन को बताया गन्ना आपूर्ति बढ़ाने की कुंजी

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। गन्ना विकास परिषद काशीपुर के अंतर्गत ग्राम दोहरी परता में सोमवार को गन्ना किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को विभागीय योजनाओं, गन्ना उत्पादन तकनीकों तथा फसल प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
गोष्ठी का शुभारंभ ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक (एससीडीआई) बी.के. चौधरी ने किया। उन्होंने किसानों को गन्ना विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विगत पेराई सत्र में गन्ने की अपेक्षाकृत कम आपूर्ति के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने बताया कि गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान न होने तथा पूर्व वर्षों में जनवरी के बाद के भुगतान में हुई देरी के कारण किसानों में निराशा का भाव बना, जिससे आपूर्ति प्रभावित हुई। किसानों ने यह भी कहा कि बाजपुर चीनी मिल में बार-बार आने वाली तकनीकी खराबियों के कारण भी गन्ना आपूर्ति में दिक्कतें आईं। किसानों ने विभागीय योजनाओं और तकनीकी सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यदि गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान हो और चीनी मिलों का संचालन सुचारू रहे तो भविष्य में गन्ना आपूर्ति बढ़ने के साथ-साथ शरदकालीन बुवाई के दौरान क्षेत्रफल में भी वृद्धि होगी। गन्ना विकास निरीक्षक राकेश कुमार ने गन्ने की फसल में लगने वाले रोगों और कीटों की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। वहीं सुरेश सिंह ने पेड़ी प्रबंधन और गन्ना सर्वेक्षण नीति पर प्रकाश डाला। गन्ना विकास निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मौर्य ने गन्ने के साथ सहफसली खेती के लाभों के बारे में किसानों को विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में बीरेंद्र कुमार चौधरी, सुरेश सिंह, वीरेंद्र कुमार मौर्य, राजेश कुमार, अनवर सैफी, शीशपाल सिंह, बलकार सिंह, मुख्तियार सिंह, हरविंदर सिंह, जितेंद्र सिंह, राजवीर, उदल सिंह, चंद्रावती, संतोष राजपाल, विजय कुमार, जसपाल, छत्रपाल सिंह, नितिन, प्रशांत सिंह, राजेंद्र सिंह, बलजीत सिंह, फूलवती और हरजिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

 

👁 176 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *