अपने घर की आस लेकर सड़कों से सत्ता के दरवाजे तक पहुंचे पत्रकार

प्रेस क्लब ने मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन, पत्रकार कॉलोनी और भूखण्ड आवंटन की उठाई पुरजोर मांग

प्रयागराज (काशीपुर वार्ता)। जनपद में वर्षों से पत्रकारिता कर रहे पत्रकारों की आवासीय समस्याओं के समाधान को लेकर प्रयागराज प्रेस क्लब ने आवाज बुलंद की है। शुक्रवार को प्रेस क्लब के अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त प्रयागराज मंडल एवं प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की अध्यक्ष सौम्या अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई कि प्रयागराज में भू-माफियाओं से खाली कराई गई सरकारी एवं प्राधिकरण की जमीनों पर प्राथमिकता के आधार पर मान्यता प्राप्त तथा गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भूखण्ड अथवा आवास उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही पत्रकारों के लिए बहुप्रतीक्षित पत्रकार कॉलोनी योजना के द्वितीय चरण को शीघ्र प्रारंभ करने की भी मांग उठाई गई। प्रेस क्लब के सचिव अचिन्त्य रंजन मिश्र ने कहा कि प्रयागराज में लंबे समय से पत्रकारिता कर रहे अनेक पत्रकार आज भी स्थायी आवास से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज के हर वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हैं, लेकिन स्वयं उनके सामने आवास जैसी मूलभूत समस्या बनी हुई है। ऐसे में प्रयागराज विकास प्राधिकरण को पत्रकारों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष योजना तैयार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पीडीए पत्रकारों के लिए समर्पित आवासीय योजना लागू करता है तो इससे पत्रकारों का अपने घर का सपना साकार हो सकेगा तथा उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से मांग की कि पत्रकार हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लिया जाए। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रयागराज प्रेस क्लब के अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, सचिव अचिन्त्य रंजन मिश्र, आनंद राज, वरिष्ठ छायाकार गगन जैन सहित प्रेस क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

👁 319 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *