काशीपुर के स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल का इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम रहा शानदार

होनहार छात्रा अक्षया गहलावत ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में किया टॉप

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल, काशीपुर के विद्यार्थियों ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। घोषित परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने शानदार अंक प्राप्त करते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित किए। विद्यालय का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहने पर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों में खुशी का माहौल बना हुआ है। विद्यालय की छात्रा अक्षया गहलावत ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अनुष्का कौर ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्राजंलि जोशी ने 92 प्रतिशत अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त वैभवी एवं सुकृति ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया। विद्यालय प्रबंधन ने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की सह-प्रबंधिका शिरीन कौर ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन एवं शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

विद्यार्थियों की सफलता मेहनत और अनुशासन का परिणाम : हरप्रीत कौर

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय की प्रबंधिका हरप्रीत कौर ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह शानदार सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने ने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका सकारात्मक परिणाम परीक्षा परिणामों में भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, लक्ष्य के प्रति समर्पण एवं सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता प्राप्त कर अपने माता-पिता और विद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे।

👁 191 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *