काशीपुर मंडी में गेहूं खरीद का शुभारंभ, किसानों को मिली राहत

खाद्य विभाग के 7 क्रय केंद्रों पर तौल शुरू, पहले दिन अरुण कुमार शर्मा के गेहूं से हुई शुरुआ

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नवीन मंडी समिति काशीपुर में खाद्य विभाग द्वारा स्थापित क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस पहल से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। खरीद की शुरुआत किसान विकास क्लब (उत्तराखंड) के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा के गेहूं की तौल के साथ की गई, जो इस सीजन की खरीद का प्रतीकात्मक आरंभ रहा।
एसएमओ अतुल चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडी क्षेत्र के अंतर्गत कुल 7 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों से निर्धारित मानकों के अनुसार गेहूं की खरीद की जाएगी, ताकि उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

मंडी सचिव योगेश तिवारीने बताया कि सभी क्रय केंद्रों पर तौल, भंडारण, पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे साफ-सुथरा और निर्धारित गुणवत्ता वाला गेहूं लेकर आएं, जिससे खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
किसान विकास क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने भी मौके पर उपस्थित अधिकारियों से किसानों के प्रति सहयोगात्मक रवैया अपनाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और सरल प्रक्रिया से ही किसानों का विश्वास मजबूत होगा। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप ही अपनी उपज मंडी में लेकर आएं।
पहले दिन खरीद प्रक्रिया के दौरान एमआई नीतू कुमारी, दीवान सिंह बोहरा, भीम सिंह, प्रकाश आर्य, नवनीत तिवारी, मुख्तयार सिंह और सत्यम शर्मा सहित कई अधिकारी एवं किसान मौजूद रहे। मंडी परिसर में पहले दिन से ही सक्रियता देखने को मिली, जिससे आगामी दिनों में खरीद प्रक्रिया के और तेज होने की उम्मीद है।

👁 603 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *