रंगों और पिचकारियों से गुलजार हुआ काशीपुर का बाजार, कल खेले जाएंगे रंग

प्रशासन की अपील—शांति व सौहार्द से मनाएं होली, हुड़दंगियों को सख्त चेतावनी

काशीपुर(काशीपुर वार्ता)। होली पर्व को लेकर शहर का बाजार रंग-बिरंगी गुलाल, अबीर और आकर्षक पिचकारियों से पूरी तरह गुलजार हो उठा है। मुख्य बाजार, बाजपुर रोड, रामनगर रोड और चीमा चौराहा क्षेत्र में दिनभर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती रही। बच्चों में कार्टून और आधुनिक डिजाइन की पिचकारियों को लेकर खासा उत्साह देखा गया, वहीं युवाओं ने हर्बल रंगों और पानी बचाने वाले उत्पादों की खरीदारी पर जोर दिया। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। गुझिया, नमकीन और अन्य पारंपरिक पकवानों की खरीदारी जोरों पर है। दुकानदारों के अनुसार पिछले दो दिनों से बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हुई है और पर्व के नजदीक आते ही बाजार में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है। कल रंगों की होली खेली जाएगी। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नगर के विभिन्न चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली को प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। साथ ही यह भी कहा गया है कि जबरन रंग लगाने, नशे की हालत में वाहन चलाने और किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आज नगरवासियों में होली को लेकर खास उत्साहित दिखाई दिए। कई सामाजिक संगठनों ने पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित होली मनाने का संदेश दिया है।

👁 940 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *