अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जीडी गोयनका में गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश

छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार व योगाभ्यास कर दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

व्यायामात् लभते स्वास्थ्यं दीर्घायुष्यं बलं सुखं।
आरोग्यं परमं भाग्यं स्वास्थ्यं सर्वार्थसाधनम्।।

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर के प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण परिसर में शनिवार को उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता से भरपूर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।  कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी द्वारा योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाकर जीवन में संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने सभी को नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया।

विद्यालय के योगाचार्य शोभित भारद्वाज के नेतृत्व में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार किया तथा विभिन्न योगासनों एवं वार्म-अप व्यायामों का अभ्यास किया। विद्यालय प्रांगण ध्यान संगीत की मधुर ध्वनियों और योगाभ्यास के मनोहारी दृश्यों से आध्यात्मिक वातावरण में परिवर्तित हो गया। छात्रों और शिक्षकों ने पूरे उत्साह व अनुशासन के साथ योग क्रियाओं में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से तनावमुक्त जीवन, शारीरिक सुदृढ़ता तथा मानसिक एकाग्रता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। अंत में सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख एवं समृद्धि की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की इवेंट समन्वयक रेखा सिंह, सीनियर विंग समन्वयक रीना चौधरी, मिडिल विंग समन्वयक अंजू चावला, जूनियर विंग समन्वयक बुशरा सिद्दीकी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं : रिशिता सक्सेना अग्रवाल

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक सम्पूर्ण जीवनशैली है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक तनाव, शारीरिक चुनौतियों और प्रतिस्पर्धा के बीच योग हमें आत्मबल, एकाग्रता और ऊर्जा प्रदान करता है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ और रचनात्मक मन का विकास संभव है।
श्रीमती अग्रवाल ने कहा कि जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और योग जैसे कार्यक्रम उन्हें अनुशासित, आत्मविश्वासी तथा स्वस्थ नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

 

👁 866 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *