राष्ट्रीय पटल पर चमके काशीपुर के होली एंजेल के खिलाड़ी, तेलंगाना चैम्पियनशिप के लिए 6 प्रतिभाएं चयनित

राज्य स्तरीय अंडर-17 शूटिंग बॉल चैम्पियनशिप में बालिका वर्ग प्रथम, बालक वर्ग द्वितीय; 6 खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। रुड़की स्थित दून पब्लिक स्कूल में आयोजित अंडर-17 शूटिंग बॉल राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप में प्रदेश भर की 8 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर का प्रतिनिधित्व करते हुए काशीपुर के होली एंजेल पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की बालिका टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बालक टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों के इस उल्लेखनीय प्रदर्शन ने न केवल प्रतियोगिता में उनकी श्रेष्ठता साबित की, बल्कि उनके अनुशासन और मेहनत को भी उजागर किया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के आधार पर विद्यालय के 6 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन आगामी अंडर-17 राष्ट्रीय शूटिंग बॉल चैम्पियनशिप 2026 (तेलंगाना) के लिए किया गया है, जो 13 मई को आयोजित होगी। चयनित खिलाड़ियों में शामिल हैं—अवनीत कौर, दिव्यांशी यादव, रिपांशी यादव, दिव्या राणा, दक्ष रावत एवं हिमांशु मेहरा शामिल है। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह एवं निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने सभी खिलाड़ियों और कोच राहुल नेगी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे तथा भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।

👁 852 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *