विश्व पृथ्वी दिवस पर होली एंजेल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण

हरित भविष्य का लिया संकल्प, पर्यावरण संरक्षण का दिया प्रेरक संदेश

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)।  विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आज बुधवार को होली एंजेल पब्लिक स्कूल, काशीपुर में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए पौधारोपण किया। छात्रों ने केवल संकल्प लेने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि धरती को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में पौधे लगाकर एक प्रेरणादायक संदेश दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनकी देखभाल का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से सभी को जागरूक किया। विद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और प्रकृति प्रेम की भावना विकसित करने वाला साबित हुआ। पृथ्वी दिवस पर बच्चों का यह प्रयास समाज के लिए अनुकरणीय संदेश बनकर सामने आया।

विद्यालय के निदेशक प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि “पृथ्वी बचाओ, भविष्य बचाओ” और “हरियाली अपनाओ, स्वच्छ सांस पाओ” जैसे संदेशों को आत्मसात करते हुए विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि आज किए गए जिम्मेदार प्रयास ही आने वाले कल के सुरक्षित और सतत भविष्य की मजबूत नींव बनते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में एक पौधा भी लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।

विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह ने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हमें जागरूकता के साथ पर्यावरण की रक्षा करनी चाहिए, अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और सामूहिक रूप से कार्य करते हुए प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि इस पृथ्वी दिवस पर केवल धरती का उत्सव मनाने तक सीमित न रहें, बल्कि प्रतिदिन उसके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लें। जल संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और अधिकाधिक पौधारोपण जैसे कदम भविष्य को सुरक्षित बनाने में सहायक होंगे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखेंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे।

👁 962 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *