विश्व पृथ्वी दिवस पर स्ट्रेटन वर्ल्ड स्कूल की जागरूकता रैली, गूंजे पर्यावरण संरक्षण के संदेश

छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक और नारों से किया जागरूक,कहा—पेड़ लगाकर पृथ्वी को बचाना होगा

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर रामनगर रोड स्थित काशीपुर के प्रतिष्ठित सीनियर सेकेंडरी विद्यालय स्ट्रेटन वर्ल्ड स्कूल द्वारा आज बुधवार को नगर क्षेत्र में भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पृथ्वी बचाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न स्थानों पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। रैली काशीपुर के मुख्य बाजार, डॉक्टर लाइन, रतन सिनेमा रोड, महाराणाप्रताप चौक, रामनगर रोड और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान बच्चों ने जोशीले नारों के माध्यम से आमजन का ध्यान पर्यावरण संरक्षण की ओर आकर्षित किया।

पृथ्वी को बचाना है, पेड़ हमें लगाना है, पर्यावरण को बचाना है, प्रदूषण को भगाना है। जैसे नारों से पूरा नगर गूंज उठा। छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक इतने प्रभावशाली रहे कि राहगीर और व्यापारी भी रुककर उन्हें देखने लगे तथा बच्चों के संदेश की सराहना की।

विद्यालय की प्रबंधिका हरप्रीत सिंह सैनी एवं सह-प्रबंधिका शिरीन सिंह सैनी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पृथ्वी सौरमंडल का एकमात्र ऐसा ग्रह है जहां जीवन संभव है, इसलिए इसकी सुरक्षा और संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए स्वच्छता, हरियाली और प्रदूषण नियंत्रण बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों को जल संरक्षण, पौधारोपण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं शालिनी शर्मा, अमित बजाज, जया भट्ट, संजय नेगी, पूनम कोहली सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। रैली का नेतृत्व विद्यालय के हेड बॉय अभिमन्यु सिंह एवं हेड गर्ल मान्या चौधरी ने किया। विद्यालय द्वारा आयोजित यह जागरूकता रैली नगरवासियों के लिए प्रेरणादायक रही और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना जगाने में सफल साबित हुई।

 

👁 653 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *