स्ट्रेटन वर्ल्ड स्कूल में बौद्धिक कौशल का प्रदर्शन, प्रतिस्पर्धा ने बढ़ाया छात्रों का आत्मविश्वास

इंटर हाउस जीके क्विज में चमका ‘स्टार लाइट हाउस’, 137 अंकों के साथ हासिल की शानदार जीत

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शिक्षा अब केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रही, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में व्यवहारिक और बौद्धिक दक्षता का भी विशेष महत्व हो गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए रामनगर रोड स्थित प्रतिष्ठित स्ट्रेटन वर्ल्ड स्कूल में मंगलवार को इंटर हाउस जनरल नॉलेज (जीके) क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों हाउस—स्टार लाइट, स्ट्रॉर्म ब्रिंगर, ट्रेल ब्लेजर और मून शैडो—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्टार लाइट हाउस से मुआज, लक्ष्य, माधवी, बरखा एवं आराध्य, स्ट्रॉर्म ब्रिंगर से जपनजोत, साध्य, गीतिका, मान्या एवं शौर्य, ट्रेल ब्लेजर से समनप्रीत, नैतिक, सिद्धार्थ, पृथ्वी एवं नवरूप तथा मून शैडो हाउस से आयुषी, राघव शर्मा, काव्या एवं अभिमन्यु सिंह ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
क्विज में पूछे गए प्रश्नों का स्तर और प्रतिभागियों की तैयारी ने स्पष्ट कर दिया कि अध्यापकों ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए गहन तैयारी की थी। प्रत्येक सही उत्तर पर गूंजती तालियों ने प्रतिभागियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया और पूरा वातावरण ज्ञानवर्धक प्रतिस्पर्धा से सराबोर हो उठा। कड़े मुकाबले के बाद स्टार लाइट हाउस ने 137 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर जीत का परचम लहराया। वहीं स्ट्रॉर्म ब्रिंगर हाउस 117 अंकों के साथ प्रथम उपविजेता और ट्रेल ब्लेजर हाउस 106 अंकों के साथ द्वितीय उपविजेता रहा।

विद्यालय प्रबंधिका हरप्रीत सिंह सैनी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के कौशल विकास और बौद्धिक स्तर को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाला प्रत्येक बच्चा अपने आप में विशेष होता है।

प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण उसमें सहभागिता और अनुशासन है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने वाला विद्यार्थी भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनता है। अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए विजेता टीम स्टार लाइट हाउस के छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय का समूचा वातावरण उत्साह, ज्ञान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।

👁 177 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *