होली एंजेल पब्लिक स्कूल में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

लावण्या हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने किया छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण

काशीपुर। नगर के ग्राम खरमासा स्थित होली एंजेल पब्लिक स्कूल में एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन लावण्या हॉस्पिटल की चिकित्सीय टीम द्वारा किया गया। शिविर में विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। शिविर का नेतृत्व हॉस्पिटल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. शिखा चौहान ने किया। उनके साथ प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों की टीम भी उपस्थित रही। टीम ने विद्यार्थियों का ब्लड प्रेशर, शुगर स्तर, वजन एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान कई बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए। इस अवसर पर डॉ. शिखा चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों में जंक फूड की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। उन्होंने बच्चों को ताजे फल, हरी सब्जियां एवं संतुलित आहार लेने की सलाह दी। साथ ही नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं एकेडमिक डायरेक्टर दीपिका अग्रवाल ने चिकित्सीय टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य का विशेष महत्व है।” उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल स्वास्थ्य जांच का लाभ मिला, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए विद्यालय एवं चिकित्सीय टीम के प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राए मौजूद रही।

👁 533 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *