पूर्व सैनिकों ने निकाला मार्च, कारगिल शहीदों की वीरगाथाएं साझा कर युवाओं में जगाया राष्ट्रप्रेम
रामनगर (कशीपुर वार्ता)। रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, बसई, रामनगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। समारोह में पूर्व सैनिकों की विशेष सहभागिता रही। सेना में रहकर देश की रक्षा कर चुके पूर्व सैनिकों ने मार्च निकालकर कार्यक्रम में भाग लिया और कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों के पराक्रम एवं बलिदान की गाथाएं छात्र-छात्राओं के साथ साझा कीं।
समारोह का शुभारंभ संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक गुसाईं तथा पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन आनंद सिंह नेगी, उपाध्यक्ष कैप्टन विनोद रावत, सचिव कैप्टन विक्रम सिंह कंडारी एवं कोषाध्यक्ष कैप्टन यशवंत सिंह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश सेवा केवल वर्दी पहनकर सीमा पर ड्यूटी करने तक सीमित नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकता है।
संस्थान की ओर से पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। जनसरोकारों की पत्रकारिता के लिए वरिष्ठ पत्रकार खुशाल रावत तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय ब्लॉगर मुकेश सुयाल को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित नाट्य रूपांतरण ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा कॉलेज परिसर ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा।
मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक गुसाईं ने डिजिटल युग में जेन-जी को सोशल मीडिया और मोबाइल के जिम्मेदार इस्तेमाल की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को भ्रामक एवं भड़काऊ सामग्री से सावधान रहते हुए राष्ट्रहित और सकारात्मक सोच को प्राथमिकता देनी चाहिए।
समारोह में गढ़वाल गौरव सैनिक संगठन के पदाधिकारी एवं सैन्य पदक विजेता सैनिक भी मौजूद रहे। अंत में संस्थान के डायरेक्टर कुणाल मदान ने सभी पूर्व सैनिकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत : प्रबन्ध निदेशक आलोक गुसाईं
रामनगर (कशीपुर वार्ता)। रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी के प्रबंध निदेशक आलोक गुसाईं ने स्वतंत्रता दिवस पर छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, बलिदान और संघर्ष का परिणाम है। आज की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता के इस मूल्य को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश सेवा केवल सीमा पर रहकर ही नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर कर सकता है। उन्होंने युवाओं को डिजिटल युग में मोबाइल और सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि भ्रामक और भड़काऊ सामग्री से सावधान रहें तथा किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के आगे न बढ़ाएं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़कर ‘सशक्त युवा-सशक्त भारत’ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।









