अधिवक्ता जुबैर खान ने विद्यार्थियों को कानून के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं, योग्यताओं और रोजगार अवसरों की दी जानकारी
काशीपुर (काहीपुर वारर)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल, काशीपुर में विद्यार्थियों को विधि एवं न्यायपालिका के क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी देने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। विद्यालय सभागार में आज गुरुवार को आयोजित सत्र का विषय “कानून एवं न्यायपालिका : करियर के अवसरों की विस्तृत दुनिया” रहा। सत्र में उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल के अधिवक्ता जुबैर खान ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कानून एवं न्यायपालिका के क्षेत्र में करियर की विभिन्न संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विधि शिक्षा के लिए आवश्यक योग्यताओं, कानून की पढ़ाई के विभिन्न विकल्पों तथा न्यायिक सेवा सहित विधि के क्षेत्र में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी। अधिवक्ता जुबैर खान ने बताया कि वर्तमान समय में विधि का क्षेत्र केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि कॉरपोरेट सेक्टर, सरकारी संस्थानों, न्यायिक सेवाओं, कानूनी सलाह, शोध और अन्य क्षेत्रों में भी प्रशिक्षित विधि विशेषज्ञों के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर उचित दिशा में तैयारी करने तथा विषय की गहन समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों में करियर को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उन्हें विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और भविष्य से जुड़े निर्णय सोच-समझकर लेने के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यार्थियों ने सत्र में रुचि के साथ भाग लिया और विधि एवं न्यायपालिका से संबंधित विभिन्न पहलुओं को समझा।
विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर नए क्षेत्रों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सत्र विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और भविष्य की दिशा तय करने में उपयोगी सिद्ध होगा।
विद्यार्थियों को सही करियर दिशा देना हमारी प्राथमिकता : चेयरमैन अमित सिंह
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमित सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके भविष्य और करियर को लेकर सही मार्गदर्शन देना विद्यालय की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। विधि एवं न्यायपालिका जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में विशेषज्ञों के माध्यम से विद्यार्थियों को जानकारी उपलब्ध कराना उन्हें अपने भविष्य के विकल्पों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल पाठ्यक्रम की जानकारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, आवश्यक योग्यताओं और चुनौतियों की भी जानकारी होनी चाहिए। ऐसे करियर मार्गदर्शन सत्र विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हैं। अमित सिंह ने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।







