डीएवी पब्लिक स्कूल में इंटर हाउस वॉलीबॉल प्रतियोगिता, येलो हाउस ने मारी बाजी

प्रधानाचार्य डॉ. एसके चौबे ने खिलाड़ियों का का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज बुधवार को इंटर हाउस वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश, उमंग और खेल भावना के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एसके चौबे ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। प्रतियोगिता के दौरान चारों सदनों की टीमों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, बेहतर रणनीति और दमदार खेल प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में श्रीनिवास ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए निष्पक्षता के साथ मैचों का संचालन किया।

विद्यालय के खेल प्रभारी धर्मराज सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी सदनों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रेड हाउस और येलो हाउस के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में येलो हाउस की टीम ने शानदार खेल कौशल और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय देते हुए जीत हासिल की और विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं रेड हाउस की टीम उपविजेता रही।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. एसके चौबे ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेलों में अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर गीता उपाध्याय, कमल जीना, एसपी मौर्य, अमित कुमार, आईडी पंत एवं संतोषी जोशी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन उत्साह, खेल भावना और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच हुआ।

 

👁 1,416 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *