रोटरी क्लब काशीपुर ने बांटी निःशुल्क साइकिलें, 100 मेधावी छात्राओं को मिली नई उड़ान

शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित सेवा परियोजना में समाजसेवियों ने कहा— बेटियों का सशक्तिकरण ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी

काशीपुर  (कशीपुर वार्ता)। शिक्षा को प्रोत्साहन देने और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर ने मंगलवार को बाजपुर रोड स्थित एक निजी रिसोर्ट में भव्य साइकिल वितरण समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी 100 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं, ताकि उन्हें विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े और उनकी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटेरियन वासुदेव गोल्यान तथा विशिष्ट अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन जसवीर सिंह भाटिया का स्कूली छात्राओं ने पुष्पवर्षा, स्वागत गीत और पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे समारोह में सेवा, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों का वातावरण देखने को मिला।

रोटरी क्लब काशीपुर के अध्यक्ष रोटेरियन संजय गोयल और सचिव रोटेरियन रेखा अग्रवाल ने कहा कि क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर जनसेवा के कार्य करता रहा है। उन्होंने बताया कि साइकिल वितरण का उद्देश्य उन छात्राओं की सहायता करना है, जिन्हें प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर विद्यालय जाना पड़ता है। यह पहल उनकी शिक्षा को आसान बनाने के साथ-साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करेगी।
पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया प्रत्येक प्रयास समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है। छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराना केवल सहायता नहीं, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। उन्होंने रोटरी क्लब की सेवा परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि संस्था वर्षों से समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन पवन अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक बेटी को शिक्षा का समान अवसर मिलना चाहिए। आर्थिक अभाव और विद्यालय की दूरी कई छात्राओं की पढ़ाई में बाधा बनती है। ऐसे में रोटरी क्लब का यह प्रयास उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, समय की बचत और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का सशक्त माध्यम है।।कार्यक्रम में साइकिल वितरण परियोजना के अध्यक्ष रोटेरियन राज मेहरोत्रा, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शरद चंद्रा, किशोर कटरू, नीरव निमेष अग्रवाल, योगेश कुमार जिंदल, अर्पण जिंदल, विनय कृष्णा, संयुक्त सचिव रोटेरियन प्राची अग्रवाल सहित रोटरी क्लब के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

👁 3,564 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *