लोकेश बलोदी ने 94% अंकों के साथ किया टॉप, मिष्ठी गंगवार व आर्नव डोगरा भी रहे अव्वल
अधिकांश छात्रों ने 90% से अधिक अंक हासिल कर बढ़ाया मान
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल ने सीबीएसई कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का लोहा मनवाया है। विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल कीं, बल्कि विद्यालय का नाम भी गौरवान्वित किया। विद्यालय के मेधावी छात्र लोकेश बलोदी ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, मिष्ठी गंगवार ने 92 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया और आर्नव डोगरा ने 91 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान पर अपनी जगह बनाई। इन तीनों छात्रों की उपलब्धि ने विद्यालय में उत्साह का माहौल बना दिया। विशेष उल्लेखनीय बात यह रही कि विद्यालय के अधिकांश छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्रों की मेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है। छात्र-छात्राओं की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र भारद्वाज ने सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त प्रतिफल है। विद्यालय प्रबंधिका हरप्रीत कौर एवं सह-प्रबंधिका शिरिन कौर ने भी सभी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते रहेंगे।
