स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने जाना सूर्य रोशनी लिमिटेड में औद्योगिक कार्यप्रणाली का अनुभव

शैक्षिक भ्रमण के दौरान मैन्युफैक्चरिंग, टेस्टिंग और पैकेजिंग प्रक्रिया को करीब से समझा

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल के सीनियर विंग के छात्र-छात्राओं ने गत दिवस शनिवार को काशीपुर स्थित प्रसिद्ध औद्योगिक इकाई सूर्य रोशनी लिमिटेड का शैक्षिक भ्रमण कर औद्योगिक कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीक को करीब से समझा। विद्यार्थियों ने अपने अध्यापकों के साथ फैक्ट्री का दौरा करते हुए उत्पादन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों का अवलोकन किया और उद्योग जगत की कार्यशैली के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कंपनी में होने वाली विभिन्न गतिविधियों जैसे मैन्युफैक्चरिंग, टेस्टिंग, पैकेजिंग तथा आधुनिक तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कंपनी के विशेषज्ञों और प्रबंधन टीम ने बच्चों को मशीनों के संचालन, गुणवत्ता परीक्षण और उत्पाद निर्माण की बारीकियों से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जिज्ञासा के साथ फैक्ट्री की कार्यप्रणाली को समझने का प्रयास किया। इस दौरान बच्चों के मन में उठे अनेक प्रश्नों का कंपनी प्रबंधन द्वारा सरल और स्पष्ट तरीके से उत्तर दिया गया। विद्यार्थियों ने औद्योगिक क्षेत्र में अनुशासन, टीमवर्क और तकनीकी दक्षता के महत्व को भी नजदीक से महसूस किया।

विद्यालय की सह-प्रबंधिका शिरीन कौर ने इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य बताते हुए कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण बच्चों में नेतृत्व क्षमता, मैनेजमेंट स्किल और एंटरप्रेन्योरशिप के गुण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक और वास्तविक अनुभव प्रदान करना भी है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ इस प्रकार की को-करिकुलर गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर से बाहर निकलकर वास्तविक औद्योगिक वातावरण को देखने और समझने से बच्चों में नई चीजें सीखने की प्रेरणा मिलती है तथा उनका दृष्टिकोण व्यापक बनता है।

विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए व्यावहारिक शिक्षा आवश्यक : हरप्रीत कौर

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल की प्रबंधिका हरप्रीत कौर ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें व्यावहारिक और तकनीकी अनुभवों से भी जोड़ना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सूर्य रोशनी लिमिटेड जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों का शैक्षिक भ्रमण बच्चों को वास्तविक कार्यशैली, अनुशासन, तकनीक और प्रबंधन की बारीकियों को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच का विकास करती हैं। साथ ही बच्चे अपने भविष्य के करियर को लेकर भी जागरूक होते हैं। शिरीन कौर ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक जीवन के लिए भी तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *