देशभर के टॉप-5 जिलाधिकारियों में शामिल हुए नितिन भदौरिया

फेम इंडिया की ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी-2026’ रैंकिंग में जिम्मेदार श्रेणी में देश में प्रथम स्थान, ऊधमसिंह नगर को मिली राष्ट्रीय पहचान

रुद्रपुर (काशीपुर वार्ता)। ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने राष्ट्रीय स्तर पर जनपद और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिका फेम इंडिया द्वारा प्रकाशित विशेषांक ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी-2026’ में उन्हें जिम्मेदार श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान तथा समग्र रैंकिंग में देश के शीर्ष पांच जिलाधिकारियों में शामिल किया गया है। पत्रिका द्वारा देशभर के लगभग 800 जिलों और हजारों प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यों का व्यापक एवं बहुआयामी मूल्यांकन कर विभिन्न श्रेणियों में 50 सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, जवाबदेही, दूरदर्शिता, नवाचार, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क, जनहित के प्रति संवेदनशीलता, विकासोन्मुख सोच और सुशासन जैसे महत्वपूर्ण मानकों को आधार बनाया गया। फेम इंडिया के अनुसार मूल्यांकन में फील्ड रिपोर्ट, मीडिया विश्लेषण, विशेषज्ञों की राय, जन प्रतिक्रिया तथा अधिकारियों की प्रशासनिक उपलब्धियों को भी शामिल किया गया। इन्हीं मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिम्मेदार श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया और राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-5 जिलाधिकारियों में अपनी जगह बनाई। जिलाधिकारी के नेतृत्व में ऊधमसिंह नगर जनपद ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद को राष्ट्रपति द्वारा ‘बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट’ सम्मान से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों के लिए जनपद को दो सिल्वर मेडल भी प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी की इस उपलब्धि से प्रशासनिक महकमे के साथ-साथ जिलेवासियों में भी खुशी की लहर है। इसे ऊधमसिंह नगर में बेहतर प्रशासन, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनकेंद्रित शासन व्यवस्था की राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी मान्यता माना जा रहा है।

👁 1,169 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *