बीएलओ करेंगे घर-घर संपर्क, मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू


पौड़ी : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उप निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम, निर्धारित समय-सारिणी तथा राजनीतिक दलों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गयी।

उप निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस चरण में मतदाताओं से किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्राप्त नहीं किए जाएंगे तथा केवल गणना प्रपत्रों का वितरण एवं आवश्यक जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा वितरित किए जाने वाले एन्यूमरेशन फॉर्म, फॉर्म-6 तथा घोषणा पत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भरे जाएंगे। मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं को शामिल करने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संशोधन की कार्यवाही पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत की जाएगी।

उप निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक मतदान स्थल पर बीएलए-2 नियुक्त करने तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने को कहा। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी दलों को अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से मतदाताओं को अभियान की जानकारी देने और गणना प्रपत्र समय पर भरने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।

उप निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से निर्वाचन आयोग के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। 

इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, राजनीतिक दलों से भरत रावत, राजेंद्र सिंह राणा, ललित नेगी, विपिन कुकरेती, सुरेश चमोली, सुरेन्द्र रावत, महेंद्र सिंह रावत सहित अन्य उपस्थित थे।



Source link

👁 222 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *