जीडी गोयन्का पब्लिक स्कूल कशीपुर में छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

तन्वीर बने हेड बॉय, आयुषी यादव ने संभाली हेड गर्ल की जिम्मेदारी;

मुख्य अतिथि कर्नल अजय कुमार उपाध्याय ने विद्यार्थियों को कर्तव्यनिष्ठा का दिया संदेश

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। जीडी गोयन्का पब्लिक स्कूल, काशीपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नवगठित छात्र परिषद के पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। इस अवसर पर तन्वीर को विद्यालय का हेड बॉय तथा आयुषी यादव को हेड गर्ल चुना गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एवं भारतीय सेना में 30 वर्षों तक सेवाएं दे चुके कर्नल अजय कुमार उपाध्याय, विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी, इवेंट कोऑर्डिनेटर रेखा सिंह तथा सीनियर विंग कोऑर्डिनेटर रीना चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को उत्साहपूर्ण बना दिया।

प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने अपने संबोधन में विद्यालय के नए लोगो की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रतीक है। मुख्य अतिथि कर्नल अजय कुमार उपाध्याय एवं प्रधानाचार्या ने छात्र परिषद के सभी सदस्यों को बैज पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद परिषद के सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने की शपथ ली।नवनिर्वाचित हेड बॉय तन्वीर और हेड गर्ल आयुषी यादव ने अपने वक्तव्य में विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा छात्र-छात्राओं के हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि कर्नल अजय कुमार उपाध्याय ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक हैं और उन्हें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में हेड बॉय तन्वीर ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर इवेंट कोऑर्डिनेटर रेखा सिंह, सीनियर विंग कोऑर्डिनेटर रीना चौधरी, मिडिल विंग कोऑर्डिनेटर अंजू चावला, जूनियर विंग कोऑर्डिनेटर बुशरा सिद्दीकी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।

 

👁 1,387 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *