10वीं में 94.6% और 12वीं में 96% अंक पाने वाली छात्रा ने मेहनत और लगन से रचा सफलता का नया अध्याय, विद्यालय में खुशी की लहर
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, काशीपुर की मेधावी छात्रा माही चौहान ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में 545 अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एमबीबीएस में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त करते हुए अपने विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
मुरादाबाद जनपद के ठाकुरद्वारा निवासी विमल चौहान की पुत्री माही ने अपनी कठिन मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और अटूट आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया। वह शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रही हैं। उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 94.6 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया था। विद्यालय के अनुसार माही ने प्रारंभिक कक्षाओं से ही पढ़ाई के प्रति विशेष लगन दिखाई। शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी निरंतर मेहनत, एकाग्रता और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता दिलाई।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की को-प्रबंध निदेशक रिशिता सक्सेना अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने माही को बधाई देते हुए कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने भी माही के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे हार्दिक शुभकामनाएं दीं। विद्यालय में माही की सफलता पर हर्ष और उत्साह का माहौल है।




