कुमायूँ वैश्य सभा महिला शाखा ने बनवाया तीन लाख रुपये की लागत का यात्री शेड, महापौर ने किया लोकार्पण

सहोता अस्पताल के सामने मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को मिलेगी धूप-बारिश से राहत

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कुमायूँ वैश्य सभा महिला शाखा ने अपने सेवा कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए सहोता अस्पताल के सामने आमजन की सुविधा के लिए करीब तीन लाख रुपये की लागत से आधुनिक यात्री शेड का निर्माण कराया है। वर्ष 2025-26 के सेवा प्रकल्प के अंतर्गत निर्मित इस यात्री शेड का लोकार्पण महापौर दीपक बाली ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने महिला शाखा की जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों द्वारा किए जा रहे ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महापौर दीपक बाली ने कहा कि अस्पतालों के बाहर मरीजों और उनके परिजनों को अक्सर धूप, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कुमायूँ वैश्य सभा महिला शाखा द्वारा निर्मित यह यात्री शेड लोगों को बड़ी राहत प्रदान करेगा। उन्होंने संस्था की महिला पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए कहा कि अन्य संस्थाओं को भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यों के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में महिला शाखा की अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल, सचिव अनीता बंसल तथा कोषाध्यक्ष कविता गोयल ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। संस्था की सचिव अनीता बंसल ने कहा कि कुमायूँ वैश्य सभा महिला शाखा समाजसेवा को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने बताया कि सहोता अस्पताल के सामने बनाए गए यात्री शेड का उद्देश्य मरीजों, उनके परिजनों और राहगीरों को धूप एवं बारिश से सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि महिला शाखा भविष्य में भी जनहित और समाजसेवा से जुड़े ऐसे कार्य निरंतर करती रहेगी। समारोह में संस्था की सदस्य सुमन जिंदल, विमला अग्रवाल, उषा सिंघल, आदर्श अग्रवाल, अंजू बंसल, रुचि सिंघल, सविता अग्रवाल, सुशील बंसल, मुनेश बंसल, विनीत सिंघल, राकेश अग्रवाल, पवन अग्रवाल, आलोक अग्रवाल सहित संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने महिला शाखा की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

👁 1,260 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *