अंतिम संस्कार में परिजन व शुभचिंतक, क्लब सदस्यों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। किसान विकास क्लब के सदस्य एवं ग्राम गंगापुर निवासी अजय कपूर के पिता बूटी शाह कपूर (70) का शुक्रवार शाम निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आज शनिवार प्रातः लगभग 10:30 बजे ढेला पुल के समीप गंगे बाबा रोड स्थित श्मशान घाट में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। किसान विकास क्लब के अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने दिवंगत बूटी शाह कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब परिवार इस दुखद घड़ी में अजय कपूर एवं उनके समस्त परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बूटी शाह कपूर को सादगी, मिलनसार स्वभाव और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके निधन से परिवार ही नहीं, बल्कि क्षेत्र और किसान विकास क्लब ने भी एक सम्मानित अभिभावक तुल्य व्यक्तित्व को खो दिया है। क्लब के सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।




